IPL 2025 Dharamshala Abandon Mystery: IPL 2025 में धर्मशाला में PBKS vs DC मैच सुरक्षा कारणों से रद्द हुआ और दोनों टीमों को कोई पॉइंट नहीं मिला। जानिए पूरी वजह और आगे क्या होगा।

IPL 2025 Dharamshala Abandon Mystery
IPL 2025 में 8 मई को धर्मशाला में जो हुआ, उसने करोड़ों क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला शानदार शुरुआत के बाद अचानक ही रद्द कर दिया गया और सबसे चौंकाने वाली बात, दोनों टीमों को एक भी पॉइंट नहीं मिला! आमतौर पर जब कोई IPL मैच रद्द होता है, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल जाता है, लेकिन इस बार ऐसा क्यों नहीं हुआ? आइए जानते हैं पूरी कहानी…
धर्मशाला में हाई वोल्टेज ड्रामा: मैदान से स्टेडियम खाली कराने तक
मैच की शुरुआत बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण 90 मिनट की देरी से हुई। पंजाब किंग्स ने जबरदस्त शुरुआत की, प्रियांश आर्य ने 34 गेंदों में 70 रन ठोक दिए और प्रभसिमरन सिंह 28 गेंदों में 50 रन बनाकर नाबाद थे। पंजाब 10.1 ओवर में 122/1 पर था, तभी अचानक स्टेडियम की बत्तियां गुल हो गईं।
फ्लडलाइट्स फेल होते ही मैदान पर अफरा-तफरी मच गई। IPL चेयरमैन अरुण धूमल खुद मैदान पर आए और खिलाड़ियों के साथ-साथ फैंस को भी तुरंत स्टेडियम खाली करने को कहा गया। यह सब सिर्फ तकनीकी खराबी नहीं थी, दरअसल, भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और जम्मू में रेड अलर्ट के चलते सुरक्षा कारणों से मैच को तुरंत रद्द करना पड़ा।
BCCI का बड़ा फैसला: IPL एक हफ्ते के लिए सस्पेंड
सिर्फ मैच ही नहीं, BCCI ने पूरे IPL 2025 को एक हफ्ते के लिए सस्पेंड कर दिया। अब बाकी बचे 12 लीग मैच और प्लेऑफ भी फिलहाल टल गए हैं। BCCI हालात पर नजर रखे हुए है और सुरक्षा एजेंसियों से सलाह के बाद ही आगे का शेड्यूल जारी किया जाएगा।
दोनों टीमों को पॉइंट क्यों नहीं मिला? जानिए असली वजह
अब सबसे बड़ा सवाल, जब मैच रद्द हुआ तो पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स को एक-एक पॉइंट क्यों नहीं मिला? आमतौर पर IPL नियमों के अनुसार, अगर मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल जाता है। लेकिन इस बार मामला अलग था।
दरअसल, मैच सुरक्षा कारणों से तय समय से पहले ही रद्द कर दिया गया और इसे ‘null and void’ यानी शून्य माना गया। इसका मतलब, यह मैच पॉइंट टेबल में गिना ही नहीं जाएगा। BCCI के अनुसार, अगर IPL फिर से शुरू होता है, तो यह मुकाबला दोबारा खेला जा सकता है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि मैच वहीं से शुरू होगा या फिर से पूरा खेला जाएगा।
अब सबकी निगाहें BCCI के अगले फैसले पर हैं। क्या पंजाब और दिल्ली की टीमें फिर आमने-सामने होंगी? क्या IPL 2025 का शेड्यूल बदलेगा? या फिर टूर्नामेंट रद्द हो सकता है? फिलहाल, फैंस को बस इंतजार करना होगा।
आपको क्या लगता है, BCCI का यह फैसला सही है? क्या आपको लगता है कि मैच दोबारा होना चाहिए? अपनी राय कमेंट में जरूर बताएं!